
राजधानी रायपुर में निजी होटल के कमरे में युवती की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना गंज थाना क्षेत्र के एक निजी होटल के कमरा नंबर 401 की है।बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3:15 बजे युवक और युवती होटल में आपस में विवाद करते हुए दिखाई दिए। इसके बाद दोनों कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे में युवती गंभीर हालत में मिली, जबकि युवक ने भी खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
मृतका की पहचान रिमान/रिमन मांडवी, निवासी मोहला-मानपुर के रूप में बताई जा रही है। वहीं युवक की पहचान किशन लाल भारद्वाज के रूप में सामने आई है। युवक के आईडी के अनुसार उसका संबंध उत्तर प्रदेश से बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी में चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना के अन्य पहलुओं का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



