
रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में पशुओं को अमानवीय तरीके से परिवहन करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, टाटा मजदा वाहन में 5 गाय और 5 बछड़ों को बेहद क्रूर तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
17 अगस्त की रात रिंग रोड नंबर-1 स्थित ग्लोबल स्टार अस्पताल के पास सूचना मिलने पर डीडी नगर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की। वाहन में पशुओं के लिए पर्याप्त जगह और वेंटिलेशन नहीं था। वाहन को तिरपाल से ढका गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, अनुमति या पशु चिकित्सक का प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने सभी 10 पशुओं को जब्त कर गौशाला में सुरक्षित रखवाया और जिला पशु चिकित्सालय, पंडरी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने बिलासपुर निवासी खिलेश यादव (22) और रविन्द्र सिंह (55) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




