
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ एवं मारपीट करने के मामले में फरार आरोपी को भोपालपटनम पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महाराष्ट्र के सिरोंचा से आरोपी को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बाबर खान (36 वर्ष), पिता स्व. जहांगीर खान के विरुद्ध थाना भोपालपटनम में अपराध क्रमांक 23/2026, धारा 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र के सिरोंचा से पकड़कर भोपालपटनम थाना लाया। पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें और अपराधों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में सहयोग करें।




