रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम गांजा के साथ मुंबई की एक अंतर्राज्यीय महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान सोनाली मोटे (42 वर्ष), निवासी मुंबई, महाराष्ट्र के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उसके पास रखे अलग-अलग बैग से कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 730/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगा रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।




