
रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की गई संपत्ति में से 125 आईफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। इस वारदात का मास्टरमाइंड मध्यप्रदेश के देवास जिले का रहने वाला राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश कंजर बताया गया है। वहीं, चोरी के आईफोन को खपाने का काम करने वाले आरोपी सफान खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस के मुताबिक, गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है।### 2 करोड़ के आईफोन और एप्पल प्रोडक्ट की हुई थी चोरीमामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्सट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का है। दुकान संचालक ऋषभ डागा ने 1 नवंबर 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।चोर दुकान से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के 173 एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर ले गए थे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले लिया था, ताकि पुलिस को उनकी पहचान करने में परेशानी हो।मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।### 40 सदस्यीय टीम ने 25 दिनों तक चलाया अभियानघटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने वरिष्ठ अधिकारियों को आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने रायपुर से लेकर महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली तक आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया।जांच के दौरान 250 किलोमीटर से अधिक के रूट पर 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। इसके अलावा 1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
### सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध, 8 मिनट में वारदात को दिया अंजामपुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि आरोपी दुकान का डीवीआर ही अपने साथ ले गए थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं थी।
इसके बावजूद पुलिस टीम ने फुटेज का बारीकी से अध्ययन किया। इसी दौरान एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। ये तीनों रात करीब 2:37 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और महज आठ मिनट बाद 2:45 बजे वहां से निकल गए।
फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण आरोपियों की पहचान करना आसान नहीं था। पुलिस टीम ने लगातार 10 दिनों तक संदिग्धों के भागने के रास्ते का पीछा किया। जांच करते हुए टीम महाराष्ट्र में नागपुर से पहले मौधा तक पहुंची, जहां आरोपियों के संबंध में आगे कोई सीधा सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल रहा था।दीपावली के त्योहार के दौरान भी पुलिस टीम ने मौधा में कैंप कर जांच जारी रखी।
### चोरी की बाइक ने खोल दिया आरोपियों तक पहुंचने का रास्ताजांच के दौरान महाराष्ट्र के मौधा क्षेत्र में कुल्हान नदी के किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलने की जानकारी पुलिस को मिली। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी और उसके इंजन तथा चेसिस नंबर को भी खुरच दिया गया था।
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर 2026 को रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।इस जानकारी से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। पुलिस ने पुष्टि की कि जिस रास्ते पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही थी, वह सही दिशा में आगे बढ़ रही थी। इसी बाइक का इस्तेमाल एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया था।
### देवास के कंजर गिरोह तक पहुंची पुलिस की जांचतकनीकी जांच और दूसरे राज्यों में हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं के रिकॉर्ड का विश्लेषण करने पर पुलिस को वर्ष 2024 में जयपुर, राजस्थान में हुई एप्पल स्टोर चोरी की वारदात की जानकारी मिली।
इस घटना में मध्यप्रदेश के देवास और इंदौर क्षेत्र के कंजर गिरोह की भूमिका सामने आई थी।इसी आधार पर रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया। जांच में राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश झाला का नाम सामने आया, जो देवास जिले के टोंककला का निवासी है।देवास पुलिस के सहयोग से राजेश झाला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, राजेश झाला के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक अपराध दर्ज हैं।शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद उसने अपने बेटे राज झाला और गांव के साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
### पहले रेकी, फिर चोरी की बाइक से रायपुर पहुंचकर की वारदातपूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, आरोपी 25 अक्टूबर 2026 को बस से रायपुर पहुंचे थे। उनके साथ इंदौर निवासी सफान खान भी था।सफान खान ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की पहचान की थी। इसके बाद आरोपियों ने जोरा मॉल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की और 26 अक्टूबर को उसे महाराष्ट्र के साकोली के पास जंगल में छिपा दिया।
इसके बाद आरोपी इंदौर लौट गए।31 अक्टूबर को राजेश झाला, उसका बेटा राज झाला और राजेश लोधी दोबारा बस से महाराष्ट्र के साकोली पहुंचे। जंगल में छिपाकर रखी गई मोटरसाइकिल लेकर तीनों रायपुर आए और देर रात एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल को मौधा के पास कुल्हान नदी पुल के नीचे छिपाकर बस से इंदौर लौट गए। दुकान का डीवीआर भी नदी में फेंक दिया गया।चोरी किए गए सभी आईफोन को बाद में सफान खान के हवाले कर दिया गया, ताकि उन्हें बाजार में खपाया जा सके।
### सफान खान विदेश भागने की फिराक में था, मुंबई एयरपोर्ट के पास पकड़ा गयाराजेश झाला की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद उसके अन्य साथी और सफान खान फरार हो गए थे।पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सफान खान को पकड़ना और चोरी किए गए आईफोन बरामद करना था। पुलिस को आशंका थी कि सफान खान विदेश भाग सकता है।इंदौर में उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम लगातार उसके संपर्कों और गतिविधियों की निगरानी कर रही थी।
पुलिस ने उसकी गतिविधियों और अंतरराज्यीय मूवमेंट का विश्लेषण किया। लगातार प्रयास के बाद महत्वपूर्ण सूचना मिली कि सफान खान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मौजूद है।इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे विदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया।
### 1.50 करोड़ के 125 आईफोन बरामदसफान खान की निशानदेही पर पुलिस ने मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 एप्पल आईफोन बरामद किए हैं।125 आईफोन बरामद* चोरी हुए आईफोन और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत: 2 करोड़ रुपये।
* बरामद आईफोन की संख्या: 125 नग।* बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत: 1 करोड़ 50 लाख रुपये।* अभी बरामदगी के लिए शेष आईफोन: पुलिस जांच जारी।सफान खान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह दूसरे राज्यों में एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है।
### नेपाल और बांग्लादेश तक फैला हो सकता है चोरी के आईफोन का नेटवर्कपुलिस के अनुसार, प्रारंभिक आसूचना में यह बात सामने आई है कि सफान खान कंजर गिरोहों के माध्यम से महंगे आईफोन स्टोर में चोरी करवाता था और चोरी के मोबाइल फोन को बांग्लादेश तथा नेपाल में खपाने का काम करता था।इस एंगल से भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने पिछले एक साल में देश के अलग-अलग राज्यों में कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।### मोबाइल फोन घर पर छोड़कर करते थे वारदातपूछताछ में राजेश झाला ने अपनी आपराधिक कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य अपराध करने के लिए घर से निकलते समय अपने मोबाइल फोन घर पर ही बंद करके छोड़ देते थे, ताकि मोबाइल लोकेशन और तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस उन तक न पहुंच सके।
इसके अलावा मोटरसाइकिल चलाते समय चेहरे को ढककर रखते थे और वारदात में चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे, जिससे सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाए।### दो आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिसइस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
राजेश अजय सिंह झाला पिता अजय सिंह झाला, उम्र 43 वर्ष, निवासी टोंककला, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
सफान खान पिता अनवर खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी जिला बड़वानी, मध्यप्रदेश।
फरार आरोपी:* राज झाला, पिता राजेश झाला, निवासी टोंककला, जिला देवास, मध्यप्रदेश।*
राजेश लोधी, निवासी टोंककला, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
पुलिस की टीमें मध्यप्रदेश में कैंप कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं। मामले में संगठित अपराध की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
### 25 दिनों की मेहनत से अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाशरायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक, इस पूरे ऑपरेशन में 40 सदस्यीय टीम ने लगातार 25 दिनों तक विशेष प्रयास किए। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में अलग-अलग स्तर पर जांच और दबिश दी गई।पुलिस का कहना है कि वर्ष 2026 में रायपुर कमिश्नरेट ने महत्वपूर्ण और संवेदनशील संपत्ति संबंधी अपराधों के अधिकांश मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की है




