
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाईवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। भिलाई में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री ने कुल 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों के लिए 27 करोड़ रुपये और भिलाई में ऑडिटोरियम एवं इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी की।
:मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाएंगे। वहीं जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों को भी बड़ी राहत की जानकारी दी। रिटेंशन आवास के किराए में 24 गुना वृद्धि के मामले में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा के बाद मासिक किराए की बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया है। इससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
:कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3 हजार निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये हस्तांतरित किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत और श्रमिक कल्याण योजनाओं के हितग्राहियों को भी सहायता प्रदान की गई।
:मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।




