छत्तीसगढ़दुर्ग

फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर वसूली का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार, भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर लगातार भेजी जा रही थी स्ट्राइक

दुर्ग / जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया न्यूज पेज को फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर बंद कराने की धमकी देने और इसके बदले ₹10 हजार की अवैध वसूली का प्रयास करने का मामला सामने आया है। सुपेला पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजी जा रही थीं। पेज संचालक यशवंत साहू से ई-मेल और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर स्ट्राइक हटाने के नाम पर ₹10 हजार की मांग की गई थी।

शिकायत मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने साइबर सेल की मदद से व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल आईडी, इंस्टाग्राम/फेसबुक अकाउंट और आईपी से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच के आधार पर आरोपी की पहचान 19 वर्षीय अनीश कुमार, निवासी बिहार, वर्तमान में पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई।पुलिस ने 17 अगस्त को आरोपी के निवास पर नोटिस दिया था। इसके बाद 19 अगस्त को आरोपी थाना सुपेला पहुंचा, जहां पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से iPhone 16 मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कॉपीराइट स्ट्राइक, अकाउंट बंद होने या किसी तकनीकी समस्या के नाम पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पैसे की मांग किए जाने पर भुगतान न करें और संबंधित प्लेटफॉर्म की आधिकारिक प्रक्रिया का इस्तेमाल करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button