
भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक पर युवक शिवकुमार सिंह पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया (21) को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रुआबांधा चाचा चौक, भिलाई का निवासी बताया गया है।
नेहरू नगर चौक पर आपसी विवाद के दौरान 29 वर्षीय शिवकुमार सिंह पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की।
पुलिस ने पूर्व में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया फरार था। अब उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस के अनुसार मामले में सभी संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालिका के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।




