
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज भाजपा के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा होने जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी 30 अक्टूबर को रायपुर पहुंच रहे हैं। तीनों नेता प्रदेश में आयोजित विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे दुर्ग रवाना होंगे। दुर्ग के महेश कॉलोनी (पुलगांव) में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे।
वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वे 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट के खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित भाजपा की पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।
इधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वे राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
तीनों वरिष्ठ नेताओं के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।




