छत्तीसगढ़रायपुर

उरला में एकेडमी से लाखों की चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर/ राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में स्थित व्ही.आर. एजुकेशन एकेडमी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की चोरी की नगदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:06 से 12:48 बजे के बीच अज्ञात आरोपी एकेडमी का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और आलमारी के लॉकर में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायत के बाद उरला पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।जांच में पता चला कि आरोपी चोरी के बाद ट्रेन से उज्जैन की ओर फरार हो रहे थे। पुलिस ने तत्काल आरपीएफ भिलाई और बैतूल, मध्यप्रदेश से समन्वय स्थापित किया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को बैतूल में हिरासत में लिया गया।

रायपुर लाकर पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद कर ली।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चित्रांश सेन (18) निवासी खमतराई और फिरोज साहू (19) निवासी कैलाश नगर, बीरगांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चित्रांश सेन के खिलाफ पूर्व में खमतराई थाने में मारपीट और मोटरसाइकिल चोरी के दो मामले दर्ज हैं।मामले में थाना उरला में अपराध क्रमांक 409/26 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button