
रायपुर, 10 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में विद्यार्थियों और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी जिलों में हॉस्टल, पीजी, कोचिंग सेंटर, स्कूल और बड़े शैक्षणिक भवनों का तत्काल निरीक्षण एवं सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागायुक्तों, आईजी, कलेक्टरों और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में कहा कि प्रशासन किसी हादसे का इंतजार न करे, बल्कि संभावित खतरों की पहले पहचान कर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करे।उन्होंने पुराने और जर्जर भवनों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा जोखिमपूर्ण भवनों में आवश्यक सुधार तत्काल कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवैध और मिलावटी शराब पर सख्ती
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशभर में अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस, आबकारी विभाग और जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा गया है।दूसरे राज्यों से आने वाली अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख परिवहन मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।
लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेहीमुख्यमंत्री ने साफ कहा कि शासन के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी कलेक्टरों और एसपी को निर्देशों पर तत्काल अमल शुरू करने और जिलों में की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।




