
रायपुर। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बुधवार को नॉर्थ जोन और ACCU की टीमों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन पुलिसकर्मियों ने हत्या और अपहरण के मामलों का खुलासा करने, चोरी की संपत्ति बरामद करने, अवैध हथियार जब्त करने और साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस दिलाने में सराहनीय भूमिका निभाई।24 घंटे में अपहृत युवक बरामद, हत्या का भी खुलासाखमतराई थाना पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और डीएनए प्रोफाइल के मिलान के आधार पर हत्या के एक मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वहीं, प्रतीक राय अपहरण मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से अपहृत युवक को सकुशल बरामद किया।गुढ़ियारी थाना पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 लाख 58 हजार 251 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की। एक अन्य कार्रवाई में देशी पिस्टल और मैगजीन जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा डेढ़ साल के अपहृत बालक को महज छह घंटे के भीतर नागपुर से सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पंडरी थाना पुलिस ने भी चोरी के एक मामले का खुलासा कर प्रभावी कार्रवाई की।
साइबर ठगी की रकम वापस दिलाने पर विशेष सम्मानगुढ़ियारी थाने में पदस्थ आरक्षक केदार सिंह राजपूत को MRM पोर्टल के माध्यम से पूरे रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में सर्वाधिक साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि वापस दिलाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी तत्परता, समर्पण और टीम भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त डीसीपी आदित्य पांडे, एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




