रायपुर में 127 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी पकड़ा गया

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में गंज और आमानाका थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने 127.309 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 63.65 लाख रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिनसन गुरिया की मॉनिटरिंग में की गई।

फाफाडीह में ऑटो से 82.51 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई 7 अक्टूबर 2026 को गंज थाना क्षेत्र में की गई। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि पचपेड़ी नाका की ओर से एक ऑटो में तीन लोग गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध ऑटो की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध ऑटो दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा कर ऑटो को रोक लिया। इसमें तीन लोग सवार थे।
पूछताछ में उनकी पहचान मुकुन्द शर्मा (27), गोपाल वर्मा उर्फ गोपी (28) और संतोष साहू (34) के रूप में हुई। पुलिस ने ऑटो में रखे ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने कुल 82.51 किलोग्राम गांजा जब्त किया। गांजे और अन्य जब्त सामान की कीमत करीब 41.25 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
इस मामले में गंज थाने में अपराध दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।

टाटीबंध में 44.799 किलो गांजा के साथ दो आरोपी और नाबालिग पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर 2026 को आमानाका थाना क्षेत्र में की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित इस्कॉन टेंपल मोड़ के पास कुछ लोग गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्धों को पकड़ा गया।
पूछताछ में दो आरोपियों की पहचान कान्हू डकुआ (36), निवासी ओडिशा और सुमित भट्टाचार्य (36), निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। इनके साथ एक नाबालिग भी मिला।
पुलिस ने आरोपियों के पास रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें 44.799 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में आमानाका थाने में अपराध दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस अब आरोपियों से गांजे की सप्लाई से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।




