
रायपुर। राजधानी रायपुर के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास पेपर कटर से हमला किए जाने के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना थाना राजेंद्र नगर क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में घटना में शामिल अपचारी बालक को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की सूचना मिलने के बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर चोट के कारण उसकी मृत्यु हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की।जांच के दौरान पुलिस ने अपचारी बालक की पहचान कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि तात्कालिक विवाद के दौरान उसने पास पड़े पेपर कटर से युवक की जांघ के पास हमला किया और मौके से भाग गया।फिलहाल मामले में पुलिस की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।




