छत्तीसगढ़रायपुर

भण्डारपुरी धाम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की चार विकास कार्यों की घोषणा, 29 करोड़ के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

40 स्थानों पर स्थापित होंगे लकड़ी के जैतखाम, स्कूल भवनों और नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण के लिए भी मिलेगी राशि

रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को आरंग विकासखंड स्थित भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और चार महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाता है। प्रदेश सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

29 करोड़ रुपये के सड़क कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत से होने वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग के 4 किलोमीटर हिस्से का 8.31 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, नरदहा में 2 किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का 3.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण और छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग के 29 किलोमीटर हिस्से का 17.34 करोड़ रुपये की लागत से डामर नवीनीकरण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन और ग्रामीण सड़क संपर्क बेहतर होगा।

स्कूल भवनों और कार्यालय निर्माण के लिए राशि की घोषणा

मुख्यमंत्री ने चार निर्माण कार्यों की घोषणा की। इसके तहत ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन के लिए 75 लाख रुपये, आरंग नगर पंचायत के ओड़का में नवीन प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये दिए जाएंगे।

इसके अलावा अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बढ़ीं सीटें

मुख्यमंत्री ने बताया कि सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं धर्मगुरु बालदास साहेब ने समाज के लोगों से बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, सद्भाव, समानता और मानवता के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button