
कोंटा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा में किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर बस्तरिया राज युवा मोर्चा ने धरना-प्रदर्शन किया। कोंटा बस स्टैंड परिसर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के सदस्यों ने करीब आधे घंटे तक चक्काजाम कर अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर आवाज उठाई।
मोर्चा ने कोंटा ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों का कर्ज माफ करने, पात्र ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा देने और पोलावरम परियोजना से प्रभावित गांवों एवं कोंटा नगर को डूबान से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बारिश की कमी के कारण खेती प्रभावित हुई है, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, वन अधिकार पट्टे से वंचित पात्र ग्रामीणों को उनका हक दिलाने और पोलावरम परियोजना से संभावित प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग के टीआई और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। इस दौरान मोर्चा के सदस्यों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर जिला बंद कराने की चेतावनी दी।
अब इन मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।




