
रायगढ़। जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 फरार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 24 अक्टूबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चक्रधरनगर से 5, खरसिया से 3 और पूंजीपथरा से 2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं कापू, कोतरारोड, धरमजयगढ़, पुसौर और चौकी खरसिया की टीमों ने एक-एक वारंटी को पकड़ा।
पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी अभियान की निगरानी की जा रही है। एसएसपी ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लंबे समय से फरार वारंटियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।पुलिस के अनुसार, फरार वारंटियों की तलाश चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। पहले संबंधित थाना क्षेत्र, फिर जिले के अन्य क्षेत्रों और इसके बाद राज्य के भीतर तथा बाहर फरार वारंटियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियानरायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में विशेष टीमें सक्रिय रहकर न्यायालयीन आदेशों के पालन और फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई करेंगी।




