
रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 47 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम और सिल्वर रंग की ब्रेजा कार समेत कुल ₹8.10 लाख की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक ब्रेजा कार में अफीम रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर अमरजीत सिंह (20 वर्ष), निवासी रामभांठा, जगतपुर, रायगढ़ को पकड़ा।तलाशी के दौरान कार की ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में छिपाकर रखी गई 47 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसकी कीमत करीब ₹10 हजार बताई गई है, जबकि जब्त ब्रेजा कार की कीमत लगभग ₹8 लाख है। पूछताछ में आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदने की बात कही।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का सहित कोतवाली पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।




