छत्तीसगढ़रायपुर

नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास, 3 महिलाएं गिरफ्तार निःशुल्क प्रसव और उपचार का झांसा देकर ओडिशा से गर्भवती महिला को बुलाया, बच्चे को बेचने की थी तैयारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र की आजाद चौक पुलिस ने इस मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं ने ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया और उसके नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, गर्भवती महिला का संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे इलाज और प्रसव की सुविधा दिलाने का भरोसा दिया। रायपुर पहुंचने पर उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने महिला की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। महिला के विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद नवजात सहित उसे दोबारा अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर करने की धमकी भी दी।

मामले की शिकायत मिलने पर आजाद चौक पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया।अन्य मामलों से भी जुड़े हो सकते हैं तारपुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता से जुड़ी जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, अन्य संभावित आरोपियों और पूर्व में हुई घटनाओं की जांच कर रही है। विवेचना में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनसे विस्तृत पूछताछ जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button