
रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में मां की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने करीब तीन साल बाद हत्या का खुलासा करते हुए मृतका के 44 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां की हत्या की थी और घटना को सामान्य मृत्यु बताकर छिपाने का प्रयास किया था।
मामला मृतिका श्यामा गोस्वामी की मौत से जुड़ा है, जिसकी जांच वर्ष 2023 में मर्ग क्रमांक 72/2023 के तहत की जा रही थी। जांच के दौरान सिर में चोट और गले में निशान मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की दोबारा जांच की।पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका का अपने बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। 5 जुलाई 2023 को पत्नी और बच्चों को घर लाने की बात पर मां-बेटे के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने अपनी मां के साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए मृतका के सिर पर गमछा बांधा और माथे पर गुलाल लगाया। साथ ही आसपास के लोगों को मौत का सामान्य कारण बताकर मामले को दबाने की कोशिश की। मृतका की बेटी संगीता गोस्वामी ने मां की मौत पर संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने पुराने जांच रिकॉर्ड और साक्ष्यों का दोबारा परीक्षण किया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे की संलिप्तता उजागर की। थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस ने संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44 वर्ष), निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत धारा 302 और 201 भादवि में कार्रवाई की है।इस मामले के खुलासे में खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम की भूमिका रही।




