
बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला कारोबार और संगठित वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में देश के विभिन्न राज्यों से लेकर विदेश, विशेषकर दुबई तक संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को करीब 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।यह पूरा मामला सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की जांच से जुड़ा है।
विवेचना के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़ी रकम के लेन-देन और हवाला के जरिए धन हस्तांतरण के तथ्य सामने आए। इसी कड़ी में 13 नवंबर 2026 को की गई तलाशी में करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंकिंग दस्तावेज और महत्वपूर्ण संपत्ति संबंधी कागजात बरामद किए गए।
जांच में विदेश, विशेषकर दुबई में भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले से जुड़े आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, जबकि रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।





