छत्तीसगढ़रायपुर

दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे रायपुर के दो छात्र, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया उत्साह

रायपुर / राजधानी के दो होनहार विद्यार्थी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाने जा रहे हैं। वेदिक इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा सातवीं के छात्र पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल 2026 के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 और 29 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद दोनों छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की है। नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में उन्होंने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसी सफलता के आधार पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में दोनों विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और दक्षिण कोरिया में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन देने की।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लिया था। विभिन्न श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट के साथ विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया, जिसमें चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।

रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। अब सभी की निगाहें दक्षिण कोरिया में होने वाले अंतरराष्ट्रीय फाइनल पर टिकी हैं, जहां दोनों छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने उतरेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button