
रायपुर रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली एक महिला की करीब 2 वर्षीय बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बच्ची की मौत को संदिग्ध बताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे मेकाहारा अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों को मौत सामान्य बीमारी के कारण होने की आशंका थी। उस समय परिजनों ने भी किसी तरह की आशंका जाहिर नहीं की थी।
हालांकि, बाद में बच्ची की मां और परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम की मांग की। परिजनों के आवेदन के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।फिलहाल बच्ची की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और किसी संदिग्ध परिस्थिति की पुष्टि हो सकेगी।




