भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास का दमदार प्रदर्शन, नक्सल प्रभावित छवि से आगे बढ़ रहा प्रदेश

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ अब अपनी पहचान नक्सलवाद और चुनौतियों से आगे बढ़कर समृद्ध संस्कृति, पर्यटन, उद्योग और विकास की नई संभावनाओं के रूप में स्थापित कर रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह के दौरान प्रदेश की बदलती तस्वीर देखने को मिली।
राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत और पारंपरिक कला का भव्य प्रदर्शन किया गया। गौर, गौरा-गौरी, राउत नाचा, सुआ, पंथी, करमा और भोजली जैसे लोक नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। कभी नक्सलवाद के कारण चर्चा में रहने वाला प्रदेश आज अपनी जनजातीय विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, लोक संस्कृति और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल होना गौरव का विषय है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित प्रदेश के कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की जीवंत छटा बिखेर दी।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भी भ्रमण किया, जहां बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा का कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र, मिलेट उत्पाद और स्थानीय हस्तशिल्प प्रदर्शित किए गए। चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव को भी उन्होंने सराहा।
भारत मंडपम में आयोजित यह समारोह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर बना।




