छत्तीसगढ़बीजापुर

बीजापुर में 13 लाख की इनामी दो महिला माओवादी कैडरों ने किया आत्मसमर्पण, ओडिशा में थीं सक्रिय

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादी संगठन को एक बड़ा झटका लगा है। हिंसा का रास्ता छोड़कर ओडिशा राज्य में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने 25 नवंबर 2026 को बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले दोनों कैडरों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें एक कैडर CyPCM रैंक की और दूसरी ACM रैंक की माओवादी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों और पुनर्वास एवं कौशल विकास कार्यक्रमों से प्रभावित होकर दोनों माओवादियों ने संगठन छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।

इस आत्मसमर्पण में जिला पुलिस, डीआरजी, कोबरा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त भूमिका रही। सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव, माओवादी संगठन की कमजोर होती स्थिति, हिंसक विचारधारा से मोहभंग और पूर्व आत्मसमर्पित माओवादियों के सफल पुनर्वास ने भी दोनों कैडरों को संगठन छोड़ने के लिए प्रेरित किया।

दोनों माओवादी कैडरों पर था 13 लाख रुपये का इनामआत्मसमर्पण करने वाली पहली माओवादी नागमणी कुड़मे उर्फ शीला है, जो 32 वर्ष की है। वह बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के चिपुरभट्टी गांव की निवासी है। वह ओडिशा राज्य के अंतर्गत बटालियन नंबर 08 में CyPCM पद पर सक्रिय थी। उस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

वहीं दूसरी आत्मसमर्पित माओवादी गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू है, जिसकी उम्र 26 वर्ष है। वह बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के डोडीतुमनार गादेपारा की निवासी है। वह ओडिशा राज्य की कालाहांडी एरिया कमेटी में ACM के पद पर कार्यरत थी। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

नागमणी कुड़मे उर्फ शीला: 2006-07 में माओवादी संगठन में हुई थी भर्तीपुलिस के मुताबिक, नागमणी कुड़मे उर्फ शीला वर्ष 2006-07 में गांधी ताती उर्फ हरबू के माध्यम से PLGA सदस्य के रूप में माओवादी संगठन में शामिल हुई थी। संगठन में रहते हुए उसे लगातार पदोन्नति मिली।वर्ष 2009 में उसे ACM, वर्ष 2016 में DVCM और वर्ष 2021 में ओडिशा राज्य के कंपनी नंबर 08, KKB(N) क्षेत्र में CYPC पद की जिम्मेदारी दी गई थी।

पुलिस के अनुसार, संगठन में सक्रिय रहते हुए वह छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में कई माओवादी घटनाओं एवं सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में शामिल रही।उसकी प्रमुख गतिविधियों में वर्ष 2011 में तिमापुर/चिंतलनार थाना क्षेत्र में हुई घटना शामिल है। पुलिस के अनुसार, हिड़मा के नेतृत्व में हुई इस घटना में सुरक्षा बल के तीन जवान शहीद हुए थे, जबकि 11 जवान घायल हुए थे। इस दौरान एक माओवादी भी मारा गया था।

इसके अलावा वर्ष 2022 में ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के दड़ाईपानी क्षेत्र तथा छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के ओड क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।वर्ष 2024 में ओडिशा के कंधमाल जिले के पाडेल क्षेत्र में पुलिस-माओवादी मुठभेड़ में भी उसके शामिल होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इस मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया था।

नवंबर-दिसंबर 2025 में कंधमाल-गंजाम सीमा के राम्भा जंगल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में CCM गणेश उईके सहित कुल चार माओवादी मारे गए थे। पुलिस के अनुसार, इस दौरान नागमणी वहां से बचकर निकलने में सफल रही थी।इसके बाद वह तेलंगाना के एटुनगरम के आसपास रह रही थी। बीजापुर पुलिस से संपर्क स्थापित होने के बाद उसने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया।

गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू: 2008 से संगठन में थी सक्रियदूसरी आत्मसमर्पित माओवादी गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू वर्ष 2008 में ग्राम डोडीतुमनार में बाल संघम सदस्य के रूप में माओवादी संगठन से जुड़ी थी।

वर्ष 2010 में वह भूमकाल मिलिशिया सदस्य रही। जनवरी 2012 में उसे गंगालूर एरिया कमेटी के अंतर्गत PLGA सदस्य के रूप में काम करने की जिम्मेदारी दी गई।

दिसंबर 2012 में उसे नेशनल पार्क एरिया कमेटी के अंतर्गत प्लाटून नंबर 02 में भेजा गया। वर्ष 2019 में उसे PPCM पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद दिसंबर 2020 से मार्च 2026 तक वह ओडिशा राज्य की कालाहांडी एरिया कमेटी सदस्य (ACM) के रूप में सक्रिय रही।

पुलिस के अनुसार, गंगा सोढ़ी कई गंभीर माओवादी घटनाओं में शामिल रही है।वर्ष 2014 में सुकमा जिले के कोंटा थाना क्षेत्र के ग्राम कचलपाड़ में पुलिस-माओवादी मुठभेड़ में उसकी संलिप्तता बताई गई है। इस घटना में 15 पुलिस जवान शहीद हुए थे और 14 हथियार लूटे गए थे।

वर्ष 2016 में ग्राम गुंडम के जंगल में पुलिस कैंप पर हुए हमले में भी वह शामिल रही। इस घटना में दो माओवादी मारे गए थे और एक घायल हुआ था।

वर्ष 2017 में नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम ईरपानार में हुई पुलिस-माओवादी मुठभेड़ में भी उसकी भूमिका बताई गई है। इस घटना में छह पुलिस जवान शहीद हुए थे और 22 जवान घायल हुए थे। इस दौरान तीन हथियार लूटे गए थे।

इसके अलावा वर्ष 2017 में ग्राम कडियामेटा कैंप अटैक और वर्ष 2018 में ग्राम अन्नापुर के जंगल में पुलिस कैंप पर हुए हमले में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।

पुनर्वास नीति के तहत मिलेंगी सुविधाएंआत्मसमर्पण करने वाले दोनों माओवादी कैडरों को छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।इसके अंतर्गत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा, स्वरोजगार और रोजगार से संबंधित अवसर प्रदान किए जाएंगे। जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए लगातार मार्गदर्शन एवं सहयोग भी दिया जाएगा।

शासन का उद्देश्य आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों को स्थायी रूप से हिंसा और संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रखकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर नया जीवन शुरू कर सकें।सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से मिल रही सफलताबीजापुर पुलिस के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ के जवानों द्वारा आपसी समन्वय के साथ लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के साथ-साथ आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की जानकारी भी माओवादी कैडरों तक पहुंचाई जा रही है।

सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों और पुनर्वास योजनाओं के सकारात्मक परिणामस्वरूप माओवादी संगठन से जुड़े कैडर हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए आगे आ रहे हैं।बीजापुर में दो इनामी माओवादी कैडरों का आत्मसमर्पण सुरक्षा बलों और प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में शांति स्थापित करने और माओवादी संगठन की गतिविधियों को कमजोर करने के प्रयासों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button