
दुर्ग। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग में विद्यार्थियों की सेमेस्टर फीस में की गई 8 प्रतिशत वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि में कटौती करने की मांग उठाई। प्रदर्शन और विरोध के बाद कुलपति ने फीस वृद्धि को 8 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एमएससी एवं पीएचडी के विद्यार्थियों की सेमेस्टर फीस में 8 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। इस वृद्धि के कारण एमएससी के विद्यार्थियों पर प्रति सेमेस्टर लगभग 1,200 रुपये तथा पीएचडी के विद्यार्थियों पर लगभग 2,200 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा था। विद्यार्थियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को देखते हुए अभाविप ने इस निर्णय का विरोध करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
अभाविप रायपुर महानगर मंत्री ने कहा कि फीस में की गई वृद्धि से विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव पड़ रहा था। परिषद ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने फीस वृद्धि में कटौती की मांग रखी। परिषद के प्रदर्शन और विरोध के पश्चात कुलपति ने 8 प्रतिशत की फीस वृद्धि को घटाकर 5 प्रतिशत करने का आश्वासन दिया। इस निर्णय से फीस वृद्धि में 3 प्रतिशत की कमी किए जाने की बात कही गई है।कुलपति के आश्वासन के अनुसार, आगामी सेमेस्टर से विद्यार्थियों से 5 प्रतिशत बढ़ी हुई दर के आधार पर सेमेस्टर शुल्क लिया जाएगा। अभाविप ने इसे विद्यार्थियों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय इकाई मंत्री श्रीकांत साहू ने कहा कि विद्यार्थी हितों से जुड़े प्रत्येक विषय पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव मुखर होकर आवाज उठाती रही है। विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक भार न पड़े, इसके लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हितों से जुड़े मुद्दों पर परिषद आगे भी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष जारी रखेगी।प्रदर्शन के दौरान हिमांशु, रमन, सौरभ, सोम, पीयूष, दीपक सहित अभाविप के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




