
दुर्ग-भिलाई/ संभाग आयुक्त कार्यालय में चपरासी की नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लोगों से ₹5 लाख लेने वाले आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शमीम खान, निवासी कसारीडीह दुर्ग के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2018 में प्रार्थी डी. सत्य साईं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने संभाग आयुक्त कार्यालय दुर्ग में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे और उसके परिचित सी.एच. बैकुंठ राव से कुल ₹5 लाख लिए थे। नौकरी नहीं लगने के बाद राशि भी वापस नहीं की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने यूनियन बैंक का बैंक स्टेटमेंट, लेनदेन का वीडियो और लोन से जुड़े दस्तावेज साक्ष्य के रूप में जब्त किए। पूछताछ में आरोपी द्वारा राशि लेना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने 13 सितंबर 2026 को दोपहर 1:40 बजे शमीम खान को गिरफ्तार किया।आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को भी पैसा देने से पहले संबंधित विभाग और नियुक्ति प्रक्रिया की सत्यता जरूर जांचें।




