
रायपुर। राजधानी रायपुर में मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 अक्टूबर 2026 की है। रूपांशु यादव के जन्मदिन के अवसर पर उसके दोस्त वेन्कट पिल्ले और खिलेंद्र साहू केक खरीदने गए थे। इसी दौरान वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि होटल के सामने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग रूपांशु यादव के साथ मारपीट कर रहे थे। आरोपियों ने बीच-बचाव करने पहुंचे वेन्कट और उसके साथी को भी दौड़ाया। कुछ देर बाद लौटने पर रूपांशु के शरीर के विभिन्न हिस्सों में धारदार हथियार से गंभीर चोटें मिलीं। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपियों की पहचान की।
जांच के बाद पुलिस ने मयंक ठाकुर (21), अंकित ध्रुव (19), ओम कुमार सागरवंशी (19) और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। पूछताछ में तात्कालिक विवाद के चलते हमला करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर आगे की कार्रवाई की है।




