
रायपुर। दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त आज 3 नवंबर को राज्योत्सव समारोह के दौरान जारी की जाएगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होकर हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
इस किस्त के तहत प्रदेश की कुल 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे। इनमें ई-केवाईसी पूर्ण करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, नियद नेल्ला नार योजना के कैंप क्षेत्रों की 6 हजार 908 महिलाओं को 13वीं किस्त का लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। अब तक 32 किस्तों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को कुल 20 हजार 717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।33वीं किस्त जारी होने के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये हो जाएगी। राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और परिवार की आर्थिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने में मदद मिल रही है।
हितग्राही महिलाएं अपनी भुगतान स्थिति और योजना से जुड़ी अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।




