
रायपुर / फाफाडीह चौक स्थित विग और ब्यूटी प्रोडक्ट की दुकान से करीब 7.32 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हुए आरोपी को गंज पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, दुकान संचालक अक्षय कुमार राजवाड़े ने 18 जुलाई 2026 को 29 वर्षीय जमीर मुल्ला को दुकान में काम और देखरेख के लिए रखा था। आरोपी दुकान में ही रहकर सोता था। 28 जुलाई की रात वह दुकान से अचानक गायब हो गया। जांच करने पर करीब 70 नग विग, 28 नग हेयर एक्सटेंशन, ब्यूटी प्रोडक्ट और एक रियलमी मोबाइल फोन गायब मिले।
सामान की कुल कीमत करीब 7.32 लाख रुपये बताई गई है।रिपोर्ट के आधार पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 229/2026, धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन हावड़ा में ट्रेस की। इसके बाद टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और निगरानी के बाद जमीर मुल्ला को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले का निवासी है।




