छत्तीसगढ़रायपुर

माना बाल सम्प्रेक्षण गृह से फरार बालक को पुलिस ने पकड़ा, दोबारा कराया गया दाखिल

रायपुर। माना स्थित शासकीय बाल सम्प्रेक्षण गृह से फरार विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को उरला पुलिस ने तलाश कर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद बालक को पुनः बाल सम्प्रेक्षण गृह, माना कैम्प में दाखिल कराया।

पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 को बाल सम्प्रेक्षण गृह के अधीक्षक की ओर से सूचना दी गई थी कि चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास और लूट जैसे मामलों में संलिप्त कुछ विधि के साथ संघर्षरत बालक सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों से मारपीट कर सम्प्रेक्षण गृह से फरार हो गए थे।वरिष्ठ अधिकारियों ने फरार बालकों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित तरीके से पुनः सम्प्रेक्षण गृह में दाखिल कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार एक फरार बालक की पतासाजी कर रही थी।

जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे बालक को पकड़ने में सफलता हासिल की, जो थाना खमतराई के अपराध क्रमांक 1189/2025 में दर्ज लूट एवं हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के मामले में संलिप्त था। मामले में बीएनएस की धाराओं 296, 351(2), 309, 109, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं 25 और 27 लगाई गई थीं।पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को सकुशल बाल सम्प्रेक्षण गृह, माना कैम्प रायपुर में पुनः दाखिल करा दिया है। कार्रवाई थाना उरला पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button