
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। लक्ष्मी नगर स्थित अपने ही जीजा के मकान से लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी करने वाले आरोपी साले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के करीब 25 तोला सोने के जेवर, जिनकी कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और वर्तमान में कोंडागांव में पदस्थ हैं। 30 अक्टूबर को उनकी मां ने फोन कर रायपुर स्थित मकान का ताला टूटा होने और चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर आलमारी और लॉकर टूटे मिले तथा सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी गायब थी। शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करता दिखाई दिया। जांच में उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर को निशाना बनाया। कुछ दिन पहले बहन के साथ घर में रुकने के दौरान उसे आलमारी में रखे जेवरों और नकदी की जानकारी मिली थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये के सोने के जेवर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
आरोपी का नाम: प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय, उम्र 31 वर्ष। उसके विरुद्ध टिकरापारा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज है।




