
कबीरधाम/ जिले के झलमला थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां टोनही होने के संदेह में एक 21 वर्षीय बेटे ने अपनी ही मां के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी. गंभीर चोटों के चलते महिला की मौत हो गई. घटना के बाद झलमला पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
पुलिस ने आरोपी तुलसी राम मेरावी, पिता सबर सिंह मेरावी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मुड़वाही के खिलाफ थाना झलमला में अपराध क्रमांक 15/2026 दर्ज किया.आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 4 और 5 छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान मिले मेमोरण्डम के आधार पर .घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा (चिरान) उसके घर से गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर जब्त किया गया.




