छत्तीसगढ़रायपुर

45 हजार बच्चों को मिला नया जीवन, सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की ऐतिहासिक उपलब्धि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चिकित्सकों और अस्पताल की टीम को दी बधाई, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज व डॉरमेटरी का भूमिपूजन

रायपुर, 1 नवंबर 2026। नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा पूरी कर चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अस्पताल की सेवाभावी टीम को बधाई देते हुए इसे मानव सेवा, करुणा और समर्पण की अद्भुत मिसाल बताया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

अस्पताल ने निःशुल्क उपचार के माध्यम से हजारों बच्चों को नया जीवन देने के साथ उनके परिवारों में आशा और खुशियां लौटाई हैं। उन्होंने श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी टीम के योगदान की सराहना की।कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी शामिल हुए। उन्होंने बच्चों के निःशुल्क उपचार और मानव सेवा के क्षेत्र में अस्पताल द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी।

जनजातीय विद्यार्थियों को मिलेंगे शिक्षा और रोजगार के अवसरकार्यक्रम के दौरान नवा रायपुर में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन और डॉरमेटरी का भूमिपूजन भी किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस पहल से जनजातीय अंचलों के युवाओं, विशेषकर बेटियों को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने और रोजगार के नए अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता है। प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज कुशल स्वास्थ्यकर्मी तैयार करने के साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गरीब, वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। शासन के प्रयासों के साथ श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल जैसी संस्थाओं की भागीदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, ट्रस्ट के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button