
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। त्योहारों के मद्देनजर आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने मिठाई दुकानों से लेकर ब्रेड फैक्ट्री तक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां सामने आने पर तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।
विभाग ने खत्री स्वीट्स, बिरगांव; लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट), समता कॉलोनी; और अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए हैं। इन प्रतिष्ठानों को स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान खाद्य सामग्री नष्ट करने, जब्ती और नमूने लेने की कार्रवाई भी की गई।ब्रेड फैक्ट्री में चूहों की मौजूदगी, 80 किलो ब्रेड नष्टसमता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में निरीक्षण के दौरान निर्माण परिसर में चूहे घूमते मिले। स्टोर रूम में भी अत्यधिक गंदगी पाई गई। खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं होने पर विभागीय टीम ने लगभग 80 किलोग्राम ब्रेड नष्ट कराई।
बिना लाइसेंस चल रही थी कृष्णा स्वीट्सकमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। यहां से कुन्दा और मैसूर पाक के नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा 720 किलोग्राम डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलोग्राम मैसूर पाक और 3,960 किलोग्राम कुन्दा जब्त किया गया।जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाईनियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निलंबित प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित होने तक बंद रहेगा। खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।त्योहारी सीजन में खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के पालन को लेकर सख्त संदेश दिया गया है।





