
रायपुर। यातायात व्यवस्था संभालने के साथ अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ में अहम भूमिका निभाने वाले रायपुर यातायात पुलिस के 61 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र और इनाम प्रदान किया।

पिछले दो महीनों में यातायात ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों ने 22 आपराधिक प्रकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें आर्म्स एक्ट के 5 मामले, चोरी के 10 मामले और लूट के 7 मामले शामिल हैं।आर्म्स एक्ट के मामलों में चाकू और अन्य हथियार बरामद कराने, चोरी के मामलों में चोरी के वाहनों की पहचान कर उन्हें बरामद कराने और लूट के मामलों में आरोपियों को पकड़ने में यातायात पुलिसकर्मियों ने अहम योगदान दिया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि यातायात पुलिस का मुख्य दायित्व ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करना पुलिस की सजगता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों को अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने कहा कि आम नागरिक का पुलिस से सबसे नियमित संपर्क सड़क पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी से होता है। ऐसे में ट्रैफिक जवानों का व्यवहार और कार्यशैली पुलिस की छवि को प्रभावित करती है।कार्यक्रम में डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा समेत यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




