
रायपुर, 25 अक्टूबर 2026।** मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले आम नागरिकों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के विभिन्न एपिसोड में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं और नवाचारों का उल्लेख कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम, कोरिया जिले का जल संरक्षण मॉडल और ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना प्रदेश के लिए गर्व की बात है।कार्यक्रम की 139वीं कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 12 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए देशवासियों के परिश्रम, सेवा और समर्पण की सराहना की।
उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, खादी अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, नदियों के पुनर्जीवन, आधुनिक अनुसंधान, डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न की खेती और अंगदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।प्रधानमंत्री ने त्योहारों के दौरान स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही स्वच्छता, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनभागीदारी, नवाचार और कर्तव्य के प्रति समर्पण से ही प्रदेश और देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




