
रायपुर। राजधानी रायपुर के नवीन मार्केट के पास जुआ खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोलबाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर उसकी तस्दीक की गई। इसके बाद मामले में शामिल मनोज लालवानी, प्रदीप चौहान, चंदू यादव, रजत बावनकर, जयंत साहू और मोहसिन खान की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 एवं 126 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपियों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेजने का आदेश दिया गया।पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




