
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर आसमान में रोमांचक करतब और आकर्षक उड़ान संरचनाओं का प्रदर्शन करेंगे।इस संबंध में भारतीय वायु सेना की सारंग टीम ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किया।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होगा। हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल, अनुशासन और साहसिक उड़ान कौशल भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट कार्यक्षमता को प्रदर्शित करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करेगा।दो महिला पायलट भी होंगी शामिलसारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पायलटों की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से दिखेगा हवाई कौशलभारतीय वायु सेना की सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ के माध्यम से अपने हवाई प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। टीम के पांच हेलीकॉप्टर सामूहिक उड़ान, आकर्षक संरचनाओं और सटीक समन्वय के जरिए दर्शकों को रोमांचक अनुभव देंगे। इन हेलीकॉप्टरों का रंग संयोजन भारत के राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के माध्यम से होने वाला यह प्रदर्शन रक्षा और विमानन क्षेत्र में भारत की तकनीकी क्षमता तथा आत्मनिर्भरता को भी प्रदर्शित करेगा।
राज्योत्सव में होने वाला यह एयर शो समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। इससे प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना की कार्यशैली, विमानन तकनीक और रक्षा सेवाओं के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास और प्रेस अधिकारी आलोक सिंह भी उपस्थित थे।




