
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में करीब ढाई साल पुराने हत्या के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने हेल्पर संतोष साहू की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने और शव सड़क किनारे फेंककर फरार होने वाले आरोपी चालक राकेश टोप्पो (23) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 21 जून 2024 को संतोष साहू अपने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव बंजारी मंदिर के पास राममंदिर-बिलासपुर रोड किनारे मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद खमतराई थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया कि संतोष साहू अशोक लीलैंड छोटा हाथी वाहन में हेल्पर का काम करता था, जबकि राकेश टोप्पो वाहन चालक था। घटना वाले दिन दोनों माल लेकर उरकुरा स्थित मंगलम ट्रांसपोर्ट गए थे। वापस लौटते समय दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर गमछे से संतोष का गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को वाहन से उतारकर सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुराने लंबित मामलों की दोबारा समीक्षा की गई। गवाहों के बयान, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर पुलिस ने आरोपी की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ साक्ष्य छिपाने की धारा 201 भादवि भी जोड़ी गई।खमतराई पुलिस और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम ने आरोपी राकेश टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



