
कबीरधाम। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और जुआ जैसी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पांडातराई पुलिस ने दो अलग-अलग आबकारी मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, सिटी कोतवाली कवर्धा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि पंडरिया पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते 4 आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, पांडातराई में कार्रवाई के दौरान 8.820 बल्क लीटर देशी प्लेन शराब, शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और बिक्री की रकम सहित कुल 16,120 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।पहले मामले में पांडातराई-सरईपतेरा रोड स्थित शनि देव मंदिर के पास से भावेश निषाद (19) और दिलीप निषाद (31), दोनों निवासी ग्राम कुसुमघटा, को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 5.220 बल्क लीटर शराब और 12 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 14,320 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरे मामले में हिंदुस्तान ढाबा के पास से नरोत्तम साहू (35), निवासी ग्राम परसवारा, को अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 3.600 बल्क लीटर शराब और 200 रुपये नकद सहित कुल 1,800 रुपये की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई।इसी तरह, सिटी कोतवाली कवर्धा पुलिस ने ऊर्जा पार्क के पास वार्ड क्रमांक 9 में कार्रवाई करते हुए नरेन्द्र सत्यवंशी (57) को अवैध शराब बिक्री के मामले में पकड़ा। उसके पास से 2.520 बल्क लीटर देशी शराब और 200 रुपये बिक्री की रकम सहित कुल 1,320 रुपये जब्त किए गए।
वहीं, पंडरिया पुलिस ने ग्राम रमतला में तालाब के पास सार्वजनिक स्थान पर ताश के 52 पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे पुनीराम साहू, आशीष साहू, परमेश्वर साहू और अनिल साहू को पकड़ा। इनके कब्जे से 1,050 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस के मुताबिक, पांडातराई के तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब की बिक्री और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।




