
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां मिलीं। सिंगापुर यात्रा के दौरान प्रदेश को मिले एफडीआई निवेश प्रस्ताव बढ़कर ₹43,600 करोड़ हो गए हैं।
युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर एमओयू किया है। इसके तहत उद्योग आधारित पाठ्यक्रम, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने पर जोर रहेगा।
वहीं, Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में करीब ₹350 करोड़ के निवेश से इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने में रुचि दिखाई है। यहां काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से भी मुलाकात की। दोनों के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सीईओ राउंडटेबल में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua जैसी कंपनियां शामिल रहीं।
वहीं Global Finance & Technology Network (GFTN) के साथ बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और टेक लैब स्थापित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा से छत्तीसगढ़ के लिए निवेश के साथ कौशल विकास, तकनीक और वैश्विक साझेदारी के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।




