छत्तीसगढ़रायपुर

माँ के सम्मान पर सीएम साय का भावुक संदेश, बिना नाम लिए राहुल गांधी को नसीहत

रायपुर, 21 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माँ की महिमा और सम्मान को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया है। पोस्ट के जरिए उन्होंने माँ को ममता, करुणा, त्याग और संस्कार का स्वरूप बताते हुए सम्मान की मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया।मुख्यमंत्री साय ने लिखा—“माँ है ममता, माँ है करुणा, माँ जीवन का आधार है,माँ के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है।

माँ का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा,माँ का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा।”मुख्यमंत्री ने किसी राजनीतिक व्यक्ति का नाम नहीं लिया। हालांकि, उनका यह संदेश ऐसे समय सामने आया है जब इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में एक कॉमेडी प्रस्तुति को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है।

कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली और हाव-भाव की मिमिक्री की थी। प्रस्तुति के एक हिस्से में प्रधानमंत्री मोदी से जुड़े एक सार्वजनिक प्रसंग को भी शामिल किया गया था। इसे लेकर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताते हुए माँ और मातृशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचने का आरोप लगाया है।

इसी विवाद के बीच मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय कवि ओम व्यास की माँ पर केंद्रित काव्य रचना का वीडियो साझा करते हुए माँ के सम्मान और भारतीय संस्कृति में उनके सर्वोच्च स्थान को रेखांकित किया।मुख्यमंत्री के संदेश का केंद्र राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय माँ के प्रति सम्मान, संवेदना और संस्कार रहा। उन्होंने अपने संदेश के जरिए यह बात रखी कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन माँ के सम्मान की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button