
दुर्ग। चंडी मंदिर रोड पर गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान दो आरोपियों ने 20 वर्षीय युवक देव चौधरी उर्फ धन्ना पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे देव चौधरी अपने साथियों जीत साहू और रतन निर्मलकर उर्फ दादू के साथ मोटरसाइकिल से सलीम बिरयानी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सारथी मोहल्ला स्थित चंडी मंदिर रोड पर पोषण दुकान के आगे कोमल ढीमर और उसके साथी ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज को लेकर विवाद बढ़ने पर दोनों ने धारदार हथियार निकालकर देव चौधरी पर हमला कर दिया।
हमले में देव के सीने, पेट और दोनों पैरों की जांघों में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल ई-रिक्शा से जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मामले की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी कोमल ढीमर (19 वर्ष), निवासी मठपारा, सारथी मोहल्ला, दुर्ग को घटना के चंद घंटों में पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए लोहे के दो धारदार हथियार भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत धारा 103(1), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।




