
बिलासपुर। शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) बिलासपुर ने ट्रेनों में महिला यात्रियों को घेरकर सोने के जेवर चोरी करने वाले संगठित महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य महिला आरोपी फरार है। पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध महिलाएं ग्राम केराडोल, थाना पौड़ी, जिला एमसीबी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रिकी बसोड (35) और वर्षा उर्फ कचरी बसोड (23) को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब डेढ़ से दो माह पहले अंबिकापुर-शहडोल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में एक महिला यात्री को घेरकर उसके हैंडबैग से सोने के जेवर चोरी किए थे। पकड़े जाने के डर से चोरी के जेवर ग्राम घोघरा के पास एलीफेंट क्रॉसिंग में पाइप के नीचे छिपा दिए गए थे।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब ₹5.40 लाख कीमत के सोने के जेवर बरामद किए। बरामद सामान में मंगलसूत्र, झुमके, कनौती, महिला अंगूठियां और एक पुरुष अंगूठी शामिल हैं। मामले में रितु उर्फ संतोषी बसोड (30) फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।यह कार्रवाई एसपी रेल रायपुर दिव्यांग पटेल और डीएसपी रेल बिलासपुर तोबियस खाखा के निर्देशन में जीआरपी बिलासपुर की टीम ने की।




