प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की छत्तीसगढ़ के स्टॉल की सराहना, बस्तर के कलाकारों से की आत्मीय बातचीत

रायपुर, 30 अक्टूबर। गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक हस्तशिल्प और पर्यटन की झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया और बस्तर व नारायणपुर के शिल्पकारों से आत्मीय बातचीत कर उनके हुनर की सराहना की।
स्टॉल पर प्रधानमंत्री ने डोकरा शिल्प, बांस शिल्प, लौह शिल्प और कोसा साड़ियों सहित प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को देखा। उन्होंने शिल्पकारों से हस्तनिर्मित वस्तुओं को तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में भी चर्चा की। इस दौरान बस्तर के कलाकारों ने पारंपरिक बस्तरिया रेला की प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से लगाए गए इस स्टॉल में प्रदेश की हस्तशिल्प कला के साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। यहां चंपारण, चित्रकोट और अन्य पर्यटन स्थलों के साथ पर्यटन रिसॉर्ट की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
15 दिनों तक चलने वाले भारत पर्व के माध्यम से देशभर से आने वाले पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश के स्थानीय कलाकारों और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।




