
रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा।
यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई चर्चा के बाद लिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का विषय प्रमुखता से उठाया गया।मुख्यमंत्री ने किसानों की मांगों और हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ने की खरीदी दर 425 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित करने का निर्णय लिया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और किसान परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बनें।
उन्होंने कहा कि कृषि और किसानों की समृद्धि से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सरकार किसानों की आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना खरीदी की दर बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। संघ ने कहा कि इससे प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा।




