
बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान सुखम बाई साहू के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को गलत बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला शुरुआत में कान दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थीं। जांच के दौरान उनके हृदय में ब्लॉकेज की बात सामने आई, जिसके बाद उनकी एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की गई। इसी प्रक्रिया के दौरान महिला की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध जताया। मृतका की बेटी संगीता साहू ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।




