
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने जुनवानी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चिट्टा/हेरोइन की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और एक एप्पल मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को चौकी स्मृतिनगर को सूचना मिली थी कि जुनवानी से खम्हरिया की ओर एक व्यक्ति मादक पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद मोनिस अंसारी, निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम चौहान ग्रीनवैली, जुनवानी के रूप में हुई।तलाशी के दौरान उसके पास से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,10,200, और ₹50 हजार कीमत का एप्पल मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने कुल ₹2,60,200 की मशरूका जब्त की है।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1494/2026, धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।




