
रायपुर। राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा में सवारी बनकर झपटमारी करने का मामला सामने आया है। रेलवे स्टेशन जा रहे एक यात्री को ई-रिक्शा चालक और उसके साथी ने ऑक्सीजोन गार्डन के पास निशाना बनाया। आरोपियों ने यात्री से 3 हजार रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
मामले की शिकायत मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास बघेल उर्फ चिंगरी (18 वर्ष), निवासी सुदामा नगर, टिकरापारा और विनोद राणा उर्फ डैनी (21 वर्ष), निवासी अंबेडकर आवास, कबीर नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NS 6418 जब्त किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर झपटमारी, लूट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।




